
Saraikela: गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय कोल सेना ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए समूचे जिला पुलिस तंत्र को कटघरे में खड़ा कर दिया है। संगठन ने सीधे राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई है और पूरे जिला पुलिस बल को बर्खास्त करने के साथ-साथ जिले के SP मनोज स्वर्गियारी के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का मानना है कि थाने जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में ऐसी जघन्य वारदात होना जिले की साख और खाकी की विश्वसनीयता पर गहरा दाग है।


जवाबदेही तय करने की मांग
राष्ट्रीय कोल सेना के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु बानरा ने मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस पुलिस के कंधों पर नागरिकों की हिफाजत और कानून का राज बनाए रखने की जिम्मेदारी है, उसी के परिसर में अस्मत लूटे जाने की घटना सिस्टम की खुली विफलता है। उन्होंने कहा कि केवल घटना में सीधे तौर पर शामिल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करके मामला रफा-दफा नहीं किया जा सकता, बल्कि पूरे जिले की कमान संभाल रहे अफसरों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस स्तर की घोर लापरवाही यह दर्शाती है कि सुपरविजन पूरी तरह फेल था, जिसके लिए SP मनोज स्वर्गियारी भी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।

राष्ट्रपति से दखल की अपील
संगठन ने इस पूरे प्रकरण को अक्षम्य प्रशासनिक विफलता करार देते हुए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है। प्रधान सचिव कोल झारखंड बोदरा की मौजूदगी में संगठन ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर केवल रस्मी बयानों और आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। उन्होंने मांग रखी कि दोषी पुलिसकर्मियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले तमाम जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ ऐसी नजीर पेश करने वाली सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में पुलिस तंत्र के भीतर ऐसी शर्मनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति पूरी तरह रुक सके।


