
snakes near home reasons: मानसून और बारिश के सीजन में अक्सर अलग-अलग जगहों से सांपों के निकलने और सर्पदंश की डराने वाली खबरें सामने आती हैं। इसके पीछे की मुख्य वजह यह है कि बारिश का पानी जमीन के अंदर बने सांपों के बिलों में भर जाता है, जिससे उन्हें अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की तलाश करनी पड़ती है। इसी तलाश में वे बिलों से निकलकर रिहायशी इलाकों और इंसानी बस्तियों का रुख कर लेते हैं। ऐसे में हमारे घर के आस-पास मौजूद कुछ छोटी-छोटी चीजें अनजाने में इन खतरनाक जीवों को अपनी ओर अट्रैक्ट कर सकती हैं, इसलिए समय रहते इनकी साफ-सफाई बेहद जरूरी है।
इन 4 चीजों की वजह से घर के करीब आते हैं सांप
घरों के आसपास सांपों के आने की सबसे बड़ी वजह पक्षियों के पुराने घोंसले होते हैं। अक्सर कबूतर या अन्य पक्षी बालकनी, छत या एसी के आउटर यूनिट के पास घोंसला बना लेते हैं, जहां उनके अंडे और छोटे चूजे होते हैं। इन अंडों और च्यूजों की महक या मौजूदगी सीधे तौर पर सांपों को शिकार की तलाश में वहां तक खींच लाती है, इसलिए पुराने घोंसलों को समय पर हटाना बहुत जरूरी है। इसके अलावा घरों के स्टोर रूम, गोदाम या बालकनी में चूहों का होना भी बड़ा खतरा है क्योंकि चूहे सांपों का फेवरेट शिकार माने जाते हैं, जिससे वहां उनके आने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

सीलन, नमी और खुला खाना भी बनता है बुलावा
सांपों की फितरत होती है कि उन्हें ठंडी, नम और अंधेरी जगहें बहुत पसंद आती हैं। अगर घर के आसपास पानी का लीकेज हो, कहीं पानी जमा रहता हो, गीली दीवारें हों या सीलन हो, तो सांप वहां छिपकर आराम करना पसंद करते हैं। इसके अलावा कई बार लोग अपने पालतू जानवरों (पेट्स) का खाना खुला छोड़ देते हैं, जिससे कीट-पतंगे भिनभिनाने लगते हैं और ये चीजें भी सांपों को दावत की तरह आकर्षित करती हैं। इसलिए घर की साफ-सफाई और सीलन को तुरंत ठीक रखना ही बचाव का सबसे पक्का तरीका है।
इन चीजों और महक से कोसों दूर भागते हैं सांप
अगर आप चाहते हैं कि सांप आपके घर के आस-पास भी न भटके, तो कुछ देसी और असरदार नुस्खे आपके काम आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांपों को लहसुन, प्याज, सिरका और दालचीनी या लौंग के तेल जैसी तेज और तीखी गंध से सख्त नफरत होती है। इसके अलावा सर्पगंधा और गेंदे (Marigold) जैसे पौधों की खुशबू भी उन्हें असहज कर देती है, जिसकी महक मिलते ही वे तुरंत उस जगह से उल्टे पांव भाग खड़े होते हैं।


