
RIMS Ranchi News: रिम्स के 28 डॉक्टरों की प्रोन्नति का मामला पिछले कई सालों से अटका हुआ था। इंटरव्यू हुए, योग्यता परखने के लिए कमेटी भी बनी और साल 2024 में रिम्स की प्रोन्नति कमेटी ने इन डॉक्टरों को योग्य भी मान लिया, लेकिन इसके बावजूद प्रोन्नति का रास्ता साफ नहीं हुआ। अब झारखंड हाईकोर्ट ने इस मामले में आदेश देते हुए रिम्स प्रबंधन को 8 हफ्ते के भीतर जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।
1 जुलाई 2019 से मिलेगा प्रोन्नति का लाभ
जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने कहा है कि संबंधित डॉक्टरों को 1 जुलाई 2019 से प्रोन्नति का लाभ दिया जाए। आदेश के मुताबिक, डॉ. जेनिथ हर्ष केरकेट्टा और अन्य संबंधित डॉक्टरों को एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर प्रोन्नति का लाभ मिलेगा, जबकि डॉ. उपेंद्र प्रसाद साहू और अन्य को इसी तारीख से एडिशनल प्रोफेसर पद का लाभ दिया जाएगा।

एरियर और दूसरे लाभ भी देने होंगे
हाईकोर्ट के आदेश में सिर्फ पदोन्नति की बात नहीं है, बल्कि डॉक्टरों को 1 जुलाई 2019 से बकाया एरियर और उससे जुड़े दूसरे लाभ देने का भी निर्देश दिया गया है। यानी प्रोन्नति मिलने के साथ उन्हें पिछली अवधि का आर्थिक लाभ भी मिलेगा।
2024 में योग्य माने जाने के बाद भी अटकी रही फाइल
इस मामले में रिम्स की 55वीं जनरल बॉडी मीटिंग और प्रोन्नति कमेटी ने साल 2024 में 28 डॉक्टरों को प्रोन्नति के लिए योग्य माना था। इसके बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद रिम्स प्रबंधन को तय समय के भीतर इस पर अमल करना होगा।


