
सहरसा: बिहार के सहरसा जिले का आरण गांव जल्द ही मोरों के संरक्षण के लिए एक विशेष पहचान बना सकता है। गांव में मौजूद 500 से अधिक मोरों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने यहां मयूर विहार यानी मयूर अभयारण्य विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन और वन विभाग ने इसके लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
गांव में मोरों की संख्या लगातार बढ़ी है, लेकिन आवारा कुत्तों और अन्य जंगली जानवरों से उनकी सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। प्रस्तावित मयूर विहार के जरिए उनके लिए सुरक्षित और प्राकृतिक वातावरण तैयार करने की योजना है।

करीब 25 साल पहले पंजाब से गांव लाए गए थे मोर
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 25-26 साल पहले आरण गांव के कारी झा, अरविंद यादव और अभिनंदन यादव सहित कुछ लोग काम के सिलसिले में पंजाब गए थे। वहां उन्होंने मोरों का एक झुंड देखा और उससे प्रभावित हुए। इसके बाद वे मोर-मोरनी का एक जोड़ा अपने गांव ले आए।
धीरे-धीरे उनकी संख्या बढ़ती गई और आज गांव में करीब 500 से अधिक मोर मौजूद हैं। ये मोर गांव के घरों, दरवाजों और आंगनों में भी विचरण करते हैं। स्थानीय लोग इन्हें परेशान नहीं करते और इनके साथ सहज रूप से रहते हैं। हालांकि, आवारा कुत्तों और दूसरे जानवरों से उनकी सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
2016 में नीतीश कुमार ने भी किया था गांव का दौरा
आरण गांव में मयूर अभयारण्य विकसित करने की मांग लंबे समय से उठती रही है। वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस स्थल का दौरा किया था और यहां मयूर अभयारण्य विकसित करने की बात कही थी।
अब इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर तैयारी तेज हुई है। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने अंचलाधिकारी और वन विभाग के अधिकारियों की टीम को स्थल का निरीक्षण कर उपयुक्त सरकारी जमीन तलाशने का निर्देश दिया है। मयूर विहार के विकास के लिए करीब दो एकड़ सरकारी जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है।
मोरों के लिए तैयार होगा प्राकृतिक आवास
प्रस्तावित मयूर विहार में मोरों के प्राकृतिक रहन-सहन को ध्यान में रखते हुए पेड़-पौधे और झाड़ियां विकसित की जाएंगी। इसके अलावा पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तालाब बनाने की योजना है। इससे मोरों को पानी के साथ कीट-पतंगों जैसे प्राकृतिक भोजन की उपलब्धता भी बनी रहेगी।
योजना के तहत मोरों की देखभाल और सुरक्षा के लिए विशेष गार्ड तथा पशु चिकित्सकों की तैनाती का भी प्रस्ताव है। वन विभाग को इस कार्ययोजना को जल्द जमीन पर उतारने का निर्देश दिया गया है।
पर्यटन के नक्शे पर उभर सकता है आरण गांव
सहरसा जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित आरण गांव में मयूर विहार विकसित होने से इलाके को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल राष्ट्रीय पक्षी मोर के संरक्षण को बढ़ावा मिल सकता है, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं भी विकसित हो सकती हैं।
फिलहाल जमीन चिह्नित करने और योजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है। अब देखना होगा कि प्रस्तावित मयूर विहार का निर्माण कब शुरू होता है और मोरों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास कब तक मिल पाता है।


