
दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए सहरसा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर करीब 500 से 700 किलो संदिग्ध नकली पनीर जब्त किया है। इस कार्रवाई से मिलावटी खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर चल रहा जांच अभियान


फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. संजय चौधरी के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग प्रतिष्ठानों में लगातार जांच और छापेमारी की जा रही है। डॉ. संजय चौधरी ने बताया कि जिलाधिकारी और सिविल सर्जन, सहरसा के आदेश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के दौरान बाजारों में मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुकानों की जांच की जा रही है।
सब्जी बाजार और शंकर चौक की दुकानों में छापेमारी
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सहरसा के सब्जी बाजार और शंकर चौक स्थित कई दुकानों में छापेमारी की। इस दौरान करीब 500 से 700 किलो संदिग्ध नकली पनीर जब्त किया गया। विभाग की ओर से जब्त पनीर को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा शहर की कई मिठाई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रह किए गए हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. संजय चौधरी ने बताया कि जिन दुकानों से सैंपल लिए गए हैं, उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट या गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और आम लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग का छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।


