
Saharsa road accident: बिहार के सहरसा जिले में कहरा कुटी स्थित फोरलेन हाईवे पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बनगांव निवासी प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक अमित कुमार मिश्रा बताया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है।
मामा के घर से लौट रहे थे दोनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश कुमार और अमित कुमार मिश्रा बाइक से खजुराहा स्थित अपने मामा के घर गए थे। वहां से दोनों युवक बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कहरा कुटी के पास फोरलेन हाईवे पर दोनों दुर्घटना के शिकार हो गए। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उन पर पड़ी। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्रकाश कुमार को मृत घोषित किया
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रकाश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अमित कुमार मिश्रा का इलाज जारी है। अमित कुमार मिश्रा के मुताबिक, दुर्घटना के बाद उन्हें आशंका है कि उनकी बाइक किसी ट्रैक्टर की चपेट में आ गई होगी। हालांकि, हादसा किस वाहन से हुआ और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रकाश की मौत से परिवार में मातम
प्रकाश कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बनगांव में भी शोक की लहर है। परिवार के लोगों के लिए यह हादसा गहरा सदमा लेकर आया है। फिलहाल सड़क दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। हादसे में शामिल वाहन और दुर्घटना की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रिपोर्ट: इन्द्रदेव


