
Saraikela News: झारखंड के सरायकेला जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पति के डर से सुरक्षा की गुहार लगाने थाने पहुंची एक असहाय महिला के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने ही दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना 29 अक्टूबर की देर रात गम्हरिया थाने में घटी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पीसीआर वैन से थाने लाई गई थी पीड़िता
प्राथमिकी के अनुसार 29 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे पीड़िता का अपने पति से विवाद हुआ था। महिला को आशंका थी कि रात में उसका पति उसके साथ मारपीट करेगा। इसी खौफ में वह घर से निकलकर पड़ोस में शरण लेने पहुंची और वहां मौजूद महिला के जरिए पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलने पर गम्हरिया पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा और पीड़िता को रात करीब 12 बजे गम्हरिया थाने लाया गया। थाने में मौजूद ड्यूटी अधिकारी ने उसे आराम करने के लिए थाने के ही एक बगल वाले कमरे में भेज दिया।

कमरे में विश्राम के दौरान वायरलेस ऑपरेटर ने की दरिंदगी
महिला जब कमरे में विश्राम कर रही थी, तभी थाने में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा वहां घुस आया और उसने असहाय महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना से आहत पीड़िता ने अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को थाने में आपबीती बताते हुए लिखित शिकायत दी। पीड़िता के आवेदन के आधार पर गम्हरिया थाना कांड संख्या 86/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, कपड़े फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एसडीपीओ सरायकेला के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा (निवासी कटकाठी, तेतर टोली, चैनपुर, गुमला) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कमरे से घटना के वक्त पहने गए कपड़े विधिवत जब्त कर लिए हैं, जिन्हें वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है।
थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित
इस शर्मनाक प्रकरण में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदाराना रवैया सामने आने पर एसडीपीओ सरायकेला की जांच रिपोर्ट के आधार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह, मनोज साहू, सिपाही संतोष राय और हवलदार मुनेश्वर कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस केंद्र सरायकेला क्लोज कर दिया गया है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


