
Giridih: गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित गांधी चौक इलाके में जमीन विवाद को लेकर दबंगई और मारपीट की गंभीर वारदात सामने आई है। पीड़ित सरदार मनजीत सिंह के घर में जबरन घुसकर हमलावरों ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जब उनकी बहन किरण कौर और पत्नी डीके बग्गा बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मनजीत सिंह को सुरक्षित बाहर निकाला। हमले में गंभीर रूप से जख्मी मनजीत सिंह को इलाज के लिए शहर के मर्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
एक आरोपी गया जेल
अस्पताल में भर्ती पीड़ित मनजीत सिंह के फर्द बयान के आधार पर नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सलीमुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि धर्मेंद्र शर्मा, सुधीर शर्मा, सलीमुद्दीन अंसारी और एक बॉडीगार्ड ने मिलकर पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में घर में जबरन घुसने, जानलेवा हमला करने और महिलाओं से दुर्व्यवहार से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

फरार आरोपियों पर दबिश
नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है, जबकि घटना के बाद से फरार चल रहे धर्मेंद्र शर्मा, सुधीर शर्मा और उनके बॉडीगार्ड की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जमीन से जुड़े इस विवाद की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार चल रहे बाकी तीनों आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।


