
रोहतास: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर बिहार की सियासत गरमा गई है। पटना के बाद अब रोहतास के सासाराम में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने खड़गे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं ने नगर थाने में आवेदन देकर कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सासाराम नगर थाने पहुंचे BJP कार्यकर्ता
मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता सासाराम के नगर थाना पहुंचे। भाजपा के नगर अध्यक्ष संदीप कुमार सोनी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को आवेदन सौंपा।

इस दौरान बीजेपी के विधिक प्रकोष्ठ के अधिवक्ताओं की टीम भी मौजूद रही। पुलिस अधिकारी ने आवेदन प्राप्त कर उसकी एक प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं को उपलब्ध करा दी है।
खड़गे के बयान को बताया आपत्तिजनक
भाजपा नेताओं का आरोप है कि पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस बयान से देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी से देश में शांति और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। उनका कहना है कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
पटना के बाद रोहतास में भी बढ़ा विरोध
कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को लेकर बीजेपी ने बिहार में विरोध तेज कर दिया है। पटना में खड़गे के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराने की कार्रवाई के बाद अब रोहतास में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। फिलहाल, सासाराम नगर थाने में आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार है। आवेदन प्राप्त होने का अर्थ प्राथमिकी दर्ज होना नहीं है।


