
Ranchi: आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को रांची जिले के विभिन्न थानों और ओपी (आउटपोस्ट) में ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस के वरीय अधिकारियों ने सीधे जनता से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।

वरीय अधिकारियों ने थानों में बैठकर सुनीं समस्याएं
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन के निर्देश पर पूरे जिले में यह पहल एक साथ शुरू की गई। इसके तहत नगर एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, यातायात एसपी राकेश सिंह सहित सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने तयशुदा क्षेत्रों के थानों में बैठकर सीधे फरियादियों के आवेदन लिए और उनकी आपबीती सुनी।

110 में से 70 मामलों का उसी दिन निपटारा
जिला पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के विभिन्न थानों में कुल 110 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की और इनमें से 70 मामलों का उसी दिन दोनों पक्षों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण समाधान करा दिया।
पांच मामलों में तुरंत प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
वहीं, कुछ गंभीर और संवेदनशील प्रकृति के मामलों में पुलिस ने बिना किसी देरी के 5 प्राथमिकियां (FIR) दर्ज कर विधिवत कानूनी अनुसंधान शुरू कर दिया है।
शेष मामलों में गुणवत्तापूर्ण जांच के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन मामलों का तत्काल निपटारा नहीं हो सका है, उनमें संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा उनकी कानूनी व प्रशासनिक समस्याओं का जल्द से जल्द निवारण करना है।


