
शेखपुरा: जिले में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम कोचिंग से लौट रही छात्रा आरडी कॉलेज मोड़ के पास घर जाने के लिए ई-रिक्शा का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सफेद स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति ने रास्ता पूछने के बहाने उससे बातचीत शुरू की। आरोप है कि घर छोड़ने का भरोसा दिलाकर वह छात्रा को अपनी गाड़ी में बैठा ले गया और सुनसान रास्ते पर वारदात को अंजाम दिया।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

परिजनों से बात कराने के बहाने जीता भरोसा
पुलिस के अनुसार, छात्रा ने शुरुआत में अनजान व्यक्ति के साथ जाने से मना कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल से छात्रा के घर फोन कराया, ताकि परिजनों से बात हो सके। हालांकि, छात्रा के पिता ने फोन रिसीव नहीं किया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने छात्रा को सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया और उसे स्कॉर्पियो में बैठा लिया।
सुनसान रास्ते पर ले जाकर वारदात का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी छात्रा को घर ले जाने के बजाय सुनसान रास्ते पर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी छात्रा को पचना झारखंड मोड़ स्थित मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया। वारदात के बाद छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मोबाइल नंबर और सीसीटीवी फुटेज से जांच में मिली मदद
पुलिस को शुक्रवार रात करीब 10 बजे मामले की सूचना मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एसआईटी का गठन किया। टीम ने छात्रा के फोन कॉल से जुड़े मोबाइल नंबर, तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसकी तलाश में छापेमारी की गई।
लखीसराय-जमुई मोड़ से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने देर रात लखीसराय जिले के चमोई मोड़ से आरोपी अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल सफेद स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल और वाहन से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसआईटी कर रही मामले की आगे की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी में साइबर पुलिस उपाधीक्षक सह विशेष अपराध पुलिस उपाधीक्षक लव कुमार, महिला थाना अध्यक्ष और डीआईयू की टीम के अधिकारी शामिल थे।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को संकलित कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान की गोपनीयता बनाए रखना कानूनन आवश्यक है।


