
Ranchi: झारखंड में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए केंद्र स्तर से खूंटी और पाकुड़ जिले का चयन किया गया है। इसी कड़ी में आगामी राष्ट्रीय टीम के दौरे से पहले व्यवस्थाओं की तैयारी देखने के लिए राज्य स्तरीय स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम पाकुड़ जिले के हिरणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंची। टीम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को मिल रही बुनियादी सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का मूल्यांकन करना था।
दवाओं से लेकर जांच केंद्रों तक की हुई जांच
स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल परिसर का मुआयना किया। इस दौरान जरूरी दवाओं की उपलब्धता, एक्स-रे मशीन की कार्यप्रणाली, ब्लड टेस्टिंग सेंटर, वार्डों में बेड की स्थिति और वैक्सीन के कोल्ड स्टोरेज का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही टीम ने अस्पताल में मौजूद सहिया दीदियों और भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं, दवाओं की आपूर्ति और इलाज को लेकर उनका फीडबैक लिया।

कमियों को तुरंत दूर करने का निर्देश
निरीक्षण के बाद राज्य स्तरीय टीम ने अस्पताल प्रबंधन को साफ निर्देश दिया कि सामने आई सभी कमियों को समय रहते दूर किया जाए। चूंकि जल्द ही केंद्रीय/राष्ट्रीय टीम का निरीक्षण होना है, इसलिए अस्पताल की सभी इकाइयों, सफाई और जांच व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने को कहा गया है, ताकि मरीजों को बिना किसी रुकावट के बेहतर इलाज मिल सके।


