
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद सभागार में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की उपसभापति नीलम देवी ने की। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल शामिल हुए। वहीं सांसद प्रतिनिधि पवन केसान, कार्यपालक पदाधिकारी निशांत कुमार और स्वच्छता पदाधिकारी नीशा कुमारी भी मौजूद रहीं।
बैठक में आगामी दीपावली, छठ पूजा और काली पूजा को लेकर शहर की साफ-सफाई, रोशनी और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने पर विशेष चर्चा हुई।


दीपावली और छठ पूजा को लेकर सफाई एवं लाइटिंग पर जोर
बैठक में सभी वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाने और प्रमुख सड़कों, गलियों एवं पूजा स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही दीपावली, छठ और काली पूजा के दौरान शहर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्व-त्योहार के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो और नगर परिषद की ओर से सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
सड़क, नाला निर्माण और जल-नल योजना की हुई समीक्षा
बैठक में पिछली सामान्य बोर्ड बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की गई। इसके अलावा शहर में चल रही जल-नल योजना, सड़क निर्माण और नाला निर्माण सहित नगर परिषद की विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित प्रस्तावों को कार्यवाही पंजी में दर्ज किया गया। साथ ही योजनाओं को धरातल पर उतारने और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
विधायक और वार्ड पार्षदों की रही मौजूदगी
सामान्य बोर्ड की बैठक में वार्ड पार्षद रामानंद पासवान, दयावती देवी, विनोद रजक, संजय चौधरी, नवीन कुमार बन्नी, विभूति कुमार विकल्प, इजरायल, सुभाष कुमार, सरिता देवी, रीता देवी, सलिता देवी, रूबी देवी, शोभा देवी, रानी देवी और कृष्ण कुमार सहित अन्य वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर परिषद के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में पर्व-त्योहार को देखते हुए शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।


