
Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदाबाद गांव में 20 वर्षीय युवती अफसाना परवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मृतका की बहन द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को मृतका के पिता रहुफ अंसारी (50 वर्ष) और सौतेली मां जूही परवीन (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर युवती के साथ लगातार मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है।
कॉल और मैसेज पर बताई थी प्रताड़ना
मृतका की बहन अजमेरी बीबी द्वारा हुसैनाबाद थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, अफसाना को उसके पिता और सौतेली मां लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। 3 नवंबर की रात करीब 11 बजे अफसाना ने फोन कर अपनी बहन को घर में चल रही मारपीट और दुर्व्यवहार की जानकारी दी थी और प्रताड़ना से तंग आकर जान देने की बात कही थी। इसके अलावा उसने अपने बहनोई को भी मोबाइल संदेश भेजकर अपनी पीड़ा साझा की थी। इसके अगले ही दिन उसकी मौत की सूचना परिजनों को मिली।

BNS के तहत प्राथमिकी और पुलिस की अपील
हुसैनाबाद के एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 223/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 एवं 35(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और फॉरेंसिक व अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव से जुड़े मामलों को नजरअंदाज न करें और यदि कोई व्यक्ति अवसाद या खुदकुशी की बात कहे, तो उसे अकेला न छोड़ें तथा तुरंत नजदीकी पुलिस को सूचित करें।


