
JPSC Scam: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में गड़बड़ी और अवैध लेनदेन के मामले में CID ने विशेष अदालत में दूसरी पूरक चार्जशीट दाखिल कर दी है। जांच एजेंसी ने 11 अभ्यर्थियों से पास कराने के नाम पर एक करोड़ रुपये वसूलने के आरोपी बुद्धेश्वर भगत समेत 10 लोगों को नामजद किया है। अदालत में इनके खिलाफ पुख्ता डिजिटल साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और बैंक खातों के वित्तीय लेनदेन की पूरी रिपोर्ट पेश की गई है।
रिजल्ट से पहले मिली 24 अभ्यर्थियों की लिस्ट, अब तक 34 गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल 34 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष एल ख्यांग्ते सहित 12 आरोपियों के खिलाफ पहले ही आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। मुख्य सरगना से सीधे जुड़े बुद्धेश्वर भगत पर 11 अभ्यर्थियों से एक करोड़ रुपये वसूलने का आरोप है। CID के अनुसार, रिजल्ट जारी होने से पहले ही उसके लैपटॉप से 24 अभ्यर्थियों की सूची बरामद हुई थी, जिनमें से 11 अभ्यर्थी 14वीं PT परीक्षा में पास भी घोषित हुए। अभ्यर्थियों से पैसे वसूलने और बकाया रकम के बदले उनके मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र जब्त कर सिंडिकेट तक पहुंचाने का काम बुद्धेश्वर ही संभालता था।

तत्कालीन अध्यक्ष से 73 बार बात, मेरिट लिस्ट में खेल का आरोप
चार्जशीट में धर्मेंद्र कुमार पर तत्कालीन अध्यक्ष के संपर्क में रहकर अयोग्य अभ्यर्थियों को मेरिट लिस्ट में जगह दिलाने के लिए सौदेबाजी करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि तत्कालीन अध्यक्ष के साथ उसकी 73 बार बातचीत हुई थी। उसने TDPL और बिसिं स जैसी कंपनियों को इंपैनल कराने में भी मुख्य भूमिका निभाई थी। वहीं, आरोपी अरुण कुमार अभ्यर्थियों को निश्चित सफलता की गारंटी देकर फंसाता था और उनसे एडवांस रकम वसूलकर सिंडिकेट को आर्थिक संसाधन मुहैया कराता था।
OMR शीट में हेरफेर और सबूत मिटाने की साजिश
जांच एजेंसी ने रमेश कुमार पर परीक्षा माफिया और अभ्यर्थियों के बीच कड़ी बनकर OMR शीट में हेरफेर कराने और मोटी रकम ऐंठने का आरोप लगाया है। सिंडिकेट के वित्तीय और गोपनीय दस्तावेजों का जिम्मा संभालने वाले उमेश कुमार पर साक्ष्य नष्ट करने की साजिश का आरोप है। उसने अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश की थी।
सफल अभ्यर्थी और पूर्व सदस्य का PA भी सिंडिकेट में शामिल
14वीं JPSC परीक्षा में खुद मेरिट सूची में सफल हुआ उमाकांत उरांव अन्य अभ्यर्थियों को परीक्षा माफिया के सिंडिकेट से जोड़ने और उनसे पैसे जुटाकर बिचौलियों तक पहुंचाने का काम करता था। इसके साथ ही आयोग की पूर्व सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य का PA ब्रज कुमार राम उनके नाम पर अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का झांसा देकर नकद सौदेबाजी करता था। CID ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ अदालत में वित्तीय और तकनीकी सबूत पेश कर दिए हैं।


