
Hazaribagh: हजारीबाग शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कानी बाजार स्थित कौलेसर बाबू कॉलोनी से सामने आया है, जहां चोरों ने एक सरकारी कर्मचारी के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात उड़ा लिए। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, इस वारदात में पीड़ित परिवार को करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
खाली घर देखकर चोरों ने बोला धावा
पीड़ित मयंक भूषण पांडे अनुमंडल कार्यालय, बरही में उच्चवर्गीय लिपिक (UDC) के पद पर पदस्थापित हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात परिवार के सदस्य बाहर थे और घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ा और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब घर के हालात देखे गए, तब चोरी का पता चला और तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

डॉग स्क्वॉड ने की घटनास्थल की जांच
वारदात की सूचना पर सदर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घर का मुआयना किया। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए डॉग स्क्वॉड (Dog Squad) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने आसपास के रास्तों और घटनास्थल से सुराग जुटाने की कोशिश की। पुलिस अनुसंधान जारी होने की वजह से फिलहाल परिजनों को भी घर के अंदर जाने से रोका गया है, ताकि उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य सुरक्षित रह सकें।
नकदी और जेवरात मिलाकर 12 लाख के नुकसान का अनुमान
मयंक भूषण पांडे के मुताबिक, आलमारी में रखे करीब 4 से 4.5 लाख रुपये नकद गायब हैं। इसके अलावा बड़ी तादाद में सोने-चांदी के जेवरात भी चोरी हुए हैं। गहनों की मौजूदा बाजार दर को देखते हुए नकदी और जेवर मिलाकर कुल नुकसान 10 से 12 लाख रुपये तक आंका जा रहा है। पुलिस पूरे इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


