
Think 2029 Jharkhand: झारखंड में आर्थिक प्रगति की रफ्तार तेज करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तलाशने के मकसद से 11 नवंबर को थिंक 2029 के अंतर्गत एक विशेष व्याख्यान एवं नीति संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस राज्य स्तरीय संगोष्ठी में ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और झारखंड प्रभारी के राजू मुख्य रूप से शिरकत करेंगे।
2029 तक का जन-केंद्रित विकास रोडमैप होगा तैयार
इस उच्चस्तरीय संगोष्ठी में देश और राज्य भर से नामचीन पेशेवर, अर्थशास्त्री, उद्यमी, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों के नीति विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। संगोष्ठी का मूल उद्देश्य झारखंड की अर्थव्यवस्था, औद्योगिकीकरण, कृषि की दशा और रोजगार सृजन की प्राथमिकताओं पर गहन विचार विमर्श कर वर्ष 2029 तक के लिए एक व्यावहारिक और जन-केंद्रित विकास का खाका तैयार करना है।

खनिज संपदा के स्थानीय उपयोग और युवाओं के भविष्य पर फोकस
मंथन सत्रों के दौरान झारखंड की समृद्ध खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर ज्यादा से ज्यादा दोहन और मूल्य संवर्धन करने पर जोर रहेगा। इसके अलावा युवाओं के लिए उद्यमिता, आधुनिक कृषि, आदिवासी समुदाय के हक और अधिकार, महिला सशक्तीकरण, बुनियादी ढांचे का विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और सुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चिंतन किया जाएगा।
विशेषज्ञों के सुझावों से तैयार होगा नीति दस्तावेज
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने बताया कि प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस पहल के तहत विशेषज्ञों से ठोस नीतिगत सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों को एक विस्तृत नीति दस्तावेज का रूप देकर राज्य सरकार को सौंपा जाएगा ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण हो सके। इसके साथ ही एमएसएमई सेक्टर की मजबूती और युवाओं के सशक्तिकरण पर भी विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
11 नवंबर को रांची पहुंचेंगे राष्ट्रीय नेता, महिला सम्मेलन भी शाम में
तय कार्यक्रम के मुताबिक मधु गौड़ यास्खी और के राजू 11 नवंबर को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे राजधानी रांची पहुंचेंगे। इसी दिन शाम चार बजे फिरायालाल बैंक्वेट हॉल में महिला प्रोफेशनल्स और स्वयंसेवी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तीकरण पर एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया है, जिसमें दोनों नेता महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद 12 नवंबर को दोनों नेता हैदराबाद के लिए प्रस्थान करेंगे।


