
Hazaribagh: रांची के तुपुदाना इलाके से निकला शराब लदा एक ट्रक हजारीबाग जिले के चौपारण में लावारिस हालत में बरामद हुआ है। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके केबिन के अंदर से चालक का शव मिला। मृतक चालक की पहचान नागेंद्र सिंह के रूप में हुई है। रास्ते में ट्रक के साथ संपर्क टूटने के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी, जिसके बाद चौपारण में सड़क किनारे खड़े इस ट्रक की सूचना पुलिस को मिली।
लाखों रुपये की शराब पूरी तरह गायब
ट्रक तो मिल गया, लेकिन उसमें लोड की गई लाखों रुपये की शराब पूरी तरह गायब थी। इससे साफ है कि अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से शराब लूटने के लिए पूरी वारदात को अंजाम दिया। रांची से रवाना होने के कुछ देर बाद ही गाड़ी का संपर्क कट गया था। आशंका जताई जा रही है कि रास्ते में ही बदमाशों ने ट्रक को अपने कब्जे में लिया, ड्राइवर की हत्या की और शराब की पूरी खेप को किसी सुरक्षित ठिकाने पर उतारकर ट्रक को लावारिस छोड़ दिया।

सबूत जुटाने और लुटेरों की पहचान में लगी पुलिस
वारदात की जानकारी मिलते ही चौपारण पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात को कहां अंजाम दिया गया और इसमें कौन-कौन शामिल था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह की पहचान कर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


