
Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति परखने और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जांच के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने आधी रात को चाईबासा जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस औचक दौरे के दौरान सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा भी उनके साथ मौजूद रहे। डीसी के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों और स्टाफ के बीच हड़कंप की स्थिति रही।


इमरजेंसी वार्ड, ब्लड सेंटर और लेबर रूम की जांची व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने इमरजेंसी वार्ड, ब्लड सेंटर, लेबर रूम और मेटरनिटी वार्ड समेत अस्पताल के विभिन्न वार्डों व चिकित्सा इकाइयों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने ऑन-ड्यूटी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और मरीजों के इलाज व दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया।
त्योहारों के मद्देनजर अलर्ट रहने के निर्देश
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए उपायुक्त ने अस्पताल उपाधीक्षक को पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आकस्मिक मामलों की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए इमरजेंसी सेवाओं और जरूरी संसाधनों को 24 घंटे पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने सख्त लहजे में हिदायत दी कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


