
Ranchi: नामकुम थाना क्षेत्र के राजाउलातू पंचायत अंतर्गत टूटीहारा जंगल से 30 अक्टूबर को बरामद अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बरझोपड़ी निवासी 35 वर्षीय पूनम देवी के रूप में की गई है। पुलिस ने शिनाख्त के उद्देश्य से शव को 72 घंटे तक रिम्स के शीतगृह में सुरक्षित रखवाया था और पहचान के लिए अखबारों में तस्वीर भी प्रकाशित करवाई थी। अखबार में छपी तस्वीर को देखकर मृतका की मां सहोदरा महली नामकुम थाना पहुंचीं और रिम्स जाकर शव को अपनी बेटी के रूप में पहचाना।
पहले पति से अलग होकर प्रेमी के साथ बढ़ी थीं नजदीकियां
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार पूनम देवी अपने पहले पति से अलग रह रही थी और उसके दो बच्चे 14 वर्षीय सिया और 10 वर्षीय नितेश हैं। इसी बीच उसकी जान पहचान प्लांडू निवासी कमल लकड़ा से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां काफी बढ़ गई थीं। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि 26 अक्टूबर को कमल पूनम के साथ-साथ उसकी मां और दोनों बच्चों को अपने घर प्लांडू लेकर गया था।

रात में साथ सोए और अगली सुबह हो गई लापता
प्राथमिकी के मुताबिक उस रात पूनम और कमल एक कमरे में सोए थे जबकि दूसरे कमरे में सहोदरा महली अपने दोनों नाती-नातिन के साथ सो रही थी। अगली सुबह जब सहोदरा सोकर उठी तो उसने पूनम को घर में नहीं पाया। इस पर जब उसने कमल से अपनी बेटी के बारे में पूछा तो उसने बहाना बनाते हुए कहा कि पूनम कहीं घूमने गई है और जल्द वापस लौट आएगी। हालांकि उस दिन के बाद से पूनम का कोई सुराग नहीं मिला और सीधे 30 अक्टूबर को उसकी लाश टूटीहारा जंगल से बरामद की गई।
हत्या कर साक्ष्य मिटाने का आरोप, आरोपी की तलाश में छापेमारी
मृतका की मां सहोदरा महली ने एक नवंबर को नामकुम थाने में कमल लकड़ा के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को जंगल में फेंकने की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कमल लकड़ा की गिरफ्तारी के बाद ही हत्याकांड के पीछे की असली वजह और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सकेगा।


