
Giridih: गिरिडीह जिले के हीरोडीह और धनवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती खोरीमहुआ रोड पर ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी 30 वर्षीय युवक हैदर अंसारी की हत्या के आरोपी ट्रैवल एजेंसी संचालक मोहम्मद इलियास और उसके भाई सनाउल्लाह की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि संचालक और उसके भाई ने मिलकर हैदर अंसारी की गला दबाकर हत्या की है। सड़क जाम होने से इलाके में वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।


सऊदी अरब में फंसे थे परिजन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हीरोडीह थाना क्षेत्र के कसियाटोल निवासी हैदर अंसारी के माता-पिता चांद रसीद सहित क्षेत्र के लगभग 300 लोग खोरीमहुआ निवासी ट्रैवल एजेंसी संचालक मोहम्मद इलियास के जरिए हज यात्रा पर सऊदी अरब गए थे। हज यात्रा के बाद संचालक मोहम्मद इलियास तो भारत लौट आया, लेकिन चांद रसीद और उनकी पत्नी सहित लगभग 60 लोग वहीं फंस गए। परिजनों को अपने रिश्तेदारों की सुरक्षा को लेकर लंबे समय से चिंता सता रही थी।

पूछताछ के दौरान मारपीट और हत्या
गुरुवार सुबह हैदर अंसारी अपने एक दोस्त के साथ सऊदी अरब में फंसे माता-पिता की स्थिति की जानकारी लेने संचालक मोहम्मद इलियास के घर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि जानकारी साझा करने के बजाय इलियास और उसके भाई सनाउल्लाह ने हैदर और उसके दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख हैदर का दोस्त किसी तरह वहां से बचकर निकल गया, जबकि आरोपियों ने कथित रूप से हैदर अंसारी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटी है।


