
Palamu News: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकेया पतरिया गांव के पास बुधवार को करमा पूजा विसर्जन के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। कोयल नदी में विसर्जन के दौरान पांच लोग गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 साल का एक मासूम बच्चा अब भी लापता है। त्योहार के दिन हुए इस हादसे से पूरे गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे में इन 4 लोगों की हुई मौत
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नीतिश कुमार सिंह (18 वर्ष, पिता- बाबूलाल सिंह), अमित कुमार ठाकुर (22 वर्ष, पिता- पुरनी ठाकुर), राजा सिंह (12 वर्ष, पिता- संजय सिंह) और विशाल पासवान (16 वर्ष, पिता- तिलकधारी पासवान) के रूप में हुई है। ये सभी मृतक चैनपुर इलाके के बोकेया पतरिया गांव के ही रहने वाले थे।

8 साल के हेमंत की तलाश में NDRF की टीम तैनात
वहीं हादसे में डूबा 8 साल का बच्चा हेमंत कुमार सिंह (पिता- सुनील सिंह) अभी तक लापता है। जिला प्रशासन ने लापता बच्चे की तलाश के लिए नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की टीम से संपर्क किया है। नदी में बच्चे को खोजने के लिए लगातार रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
उपायुक्त ने जताया गहरा दुख, आर्थिक मदद के निर्देश
घटना पर पलामू के उपायुक्त (DC) सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह से परिजनों के साथ खड़ा है। उपायुक्त ने चैनपुर अंचल अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को सख्त निर्देश दिए हैं कि आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाए।
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे परिजनों के घर
उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल अधिकारी (SDO) संजय कुमार पांडे ने पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और ढांढस बंधाया। इसके अलावा मौके पर पुलिस और अंचल के कई अधिकारी डटे हुए हैं। गांव में इस वक्त मातम छाया हुआ है और हर कोई लापता बच्चे के सही-सलामत मिलने की उम्मीद लगाए बैठा है।


