
Ranchi Municipal Corporation: झारखंड की राजधानी रांची को साफ-सुथरा और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत रांची नगर निगम को 10 नए ट्रैक्टर-विथ-ट्रॉली भेंट किए हैं। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत दी गई इस सहायता से शहर के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा उठाने और उसके त्वरित परिवहन में काफी आसानी होगी।

शनिवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में जताया आभार
शनिवार को आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम के दौरान वाहनों की चाबियां नगर निगम को सौंपी गईं। इस दौरान रांची नगर निगम के अधिकारियों ने यूनियन बैंक के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। निगम प्रशासन ने कहा कि इस तरह के सहयोग से शहर के कोने-कोने तक कचरा प्रबंधन गाड़ियों की पहुंच सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही निगम ने शहर की अन्य सामाजिक और व्यावसायिक संस्थाओं से भी अपील की है कि वे ‘स्वच्छ रांची-सुंदर रांची’ के निर्माण में आगे आकर अपना योगदान दें।

बैंक और निगम के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस खास मौके पर रांची नगर निगम और यूनियन बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त दिलीप कुमार के साथ-साथ यूनियन बैंक के डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) कुंदन सिन्हा और असिस्टेंट जनरल मैनेजर (AGM) संदीप रंजन समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने एक सुर में कहा कि आने वाले दिनों में इन नए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से विभिन्न वार्डों में कचरा उठाव प्रक्रिया को और अधिक तेज और प्रभावी बनाया जाएगा।


