
Giridih: गिरिडीह जिले की देवरी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जेवर कारोबारी से लूटपाट करने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी संतोष पासवान पड़ोसी राज्य बिहार के जमुई जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बाइक के अलावा एक अन्य बाइक, चांदी के जेवर और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

न्यू शांति ज्वेलर्स के संचालक से हुई थी लूटपाट
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अपराधी संतोष पासवान ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर देवरी के जमडीहा स्थित ‘न्यू शांति ज्वेलर्स’ के संचालक श्याम सुंदर स्वर्णकार को निशाना बनाया था। अपराधियों ने हथियार के बल पर जेवर कारोबारी से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ के दौरान संतोष पासवान ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और अपने फरार साथियों के नामों का भी खुलासा कर दिया है।

नंबर प्लेट बदलकर देते थे आपराधिक घटनाओं को अंजाम
रविवार को पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करते हुए एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि संतोष पासवान के पास से जो बाइक बरामद हुई है, वह भी चोरी या लूट की है। अपराधियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए उस बाइक का नंबर प्लेट बदल दिया था और उसी फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था।
फरार अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम
एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है। वहीं, मामले में शामिल संतोष के अन्य फरार साथियों को पकड़ने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


