
पटना: बिहार में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 (Bihar Librarian Exam 2026) के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 21 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

CBT मोड में होगी परीक्षा, 150 बहुविकल्पीय सवाल
बिहार विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी CBT मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को 150 मिनट यानी ढाई घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं है। प्रश्नपत्र में पुस्तकालय विज्ञान से 100 अंक और सामान्य ज्ञान से 50 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे।

उम्र सीमा में 10 साल की छूट
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम उम्र सीमा में 10 वर्ष की छूट दी जाएगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का बिहार का निवासी होना जरूरी है।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 45 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री और पुस्तकालय विज्ञान में स्नातक स्तर की डिग्री आवश्यक बताई गई है। निर्धारित नियमों के तहत कुछ श्रेणियों को अंकों में छूट भी दी जाएगी।
Bihar Librarian Exam 2026: 1 से 21 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान अपनी व्यक्तिगत जानकारी, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण सावधानी से भरने होंगे।
आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक अधिसूचना में दी गई पात्रता, शुल्क और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है। निर्धारित समय सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
परीक्षा में न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक भी निर्धारित
बोर्ड की ओर से विभिन्न श्रेणियों के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक भी निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 45.5 प्रतिशत और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 42.5 प्रतिशत न्यूनतम अंक निर्धारित हैं।
अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थी आवेदन और परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए बोर्ड की अधिसूचना और निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के निर्देशों को जरूर देखें।


