
Giridih: झारखंड अलग राज्य के आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में बुधवार को बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ के तहत गिरिडीह में सड़क जाम करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी डुमरी-गिरिडीह रोड स्थित कर्पूरी ठाकुर चौक पर एकत्र हुए और दोनों तरफ से आने-जाने वाली गाड़ियों को रोकना शुरू कर दिया। इस दौरान एक महिला आंदोलनकारी चलती गाड़ी के आगे खड़ी हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, हुई तीखी बहस
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार के गिरिडीह में तय कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट पर था। सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मुस्तैदी दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुट गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच तीखी बहसबाजी भी देखने को मिली।

समझौते के बाद खुला रास्ता, यातायात बहाल
पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी के आगे अड़ी महिला और अन्य प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया। मुफ्फसिल थाना पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के बाद आंदोलनकारी मान गए और कुछ ही देर में सड़क जाम पूरी तरह से हटा दिया गया, जिसके बाद आवाजाही फिर से सामान्य हो सकी।


