
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रांची के चुटिया स्थित योगदा सत्संग आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने योगदा सत्संग समिति ऑफ इंडिया के स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।

फोटो और पुस्तक गैलरी का किया अवलोकन
आश्रम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने श्री श्री परमहंस योगानन्दजी के कक्ष, फोटो और पुस्तक गैलरी का अवलोकन किया। उन्हें यहां रखी गई पुस्तकों और ऐतिहासिक सामग्री के बारे में जानकारी दी गई।

गैलरी में परमहंस योगानन्दजी और उनके कुछ प्रमुख शिष्यों द्वारा रचित पुस्तकें, प्रकाशित संदर्भ, उनसे संबंधित जारी डाक टिकट, तस्वीरें और उनके इस्तेमाल की गई सामग्री को संरक्षित किया गया है।
स्मृति मंदिर और ध्यान मंदिर भी पहुंचे
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थित लीची वेदी, स्मृति मंदिर और ध्यान मंदिर का भी भ्रमण किया। इसके साथ ही उन्होंने ध्यान के लिए बनाए गए उद्यान और आश्रम परिसर का जायजा लिया तथा वहां की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
आश्रम की गतिविधियों की भी ली जानकारी
इस दौरान स्वामी ईश्वरानंदजी और स्वामी निर्मलानंदजी ने मुख्यमंत्री को आश्रम में चल रही हालिया गतिविधियों और विभिन्न कार्यों के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर वहां मौजूद आध्यात्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों को भी देखा।


