
Ranchi: एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट यानी ED के रांची जोनल ऑफिस ने कथित GST Input Tax Credit (ITC) धोखाधड़ी मामले में ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी Prevention of Money Laundering Act यानी PMLA, 2002 की धारा 19 के तहत की गई है।

DGGI की शिकायतों के बाद शुरू हुई जांच
ED के मुताबिक, इस मामले की जांच जमशेदपुर स्थित Directorate General of GST Intelligence यानी DGGI की शिकायतों के आधार पर शुरू हुई थी। ED की जांच में एक बड़े नेटवर्क के जरिए फर्जी ITC तैयार करने और उसका इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी।

135 शेल कंपनियों का नेटवर्क
ED की पिछली आधिकारिक जांच के मुताबिक, इस सिंडिकेट ने 135 शेल कंपनियों का नेटवर्क तैयार किया था। ये कंपनियां कथित तौर पर सिर्फ कागजों पर मौजूद थीं और इनके जरिए बिना किसी वास्तविक सामान या सेवा की आपूर्ति के ₹5,000 करोड़ से ज्यादा के फर्जी इनवॉइस जारी किए गए।
जांच में यह भी सामने आया था कि इस प्रक्रिया के जरिए ₹734 करोड़ से ज्यादा का फर्जी ITC तैयार कर अलग-अलग कंपनियों तक पहुंचाया गया था।
जमशेदपुर समेत कई जगहों पर हुई थी तलाशी
1 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक ED ने जमशेदपुर, आदित्यपुर-गम्हरिया, देवघर और कोलकाता में छह ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान बैंक खातों, खरीद-बिक्री के इनवॉइस, GST रिटर्न, वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल उपकरणों से संबंधित डेटा जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ED की जांच अभी जारी है। मामले में फर्जी ITC नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।


