
Health Desk: सिरदर्द, कमर दर्द, घुटने का दर्द या बुखार होते ही तुरंत पेन किलर खा लेना आजकल आम बात हो गई है। यह दवाइयां तुरंत आराम तो दे देती हैं, लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के बार-बार या गलत तरीके से इनका इस्तेमाल आपकी किडनी को हमेशा के लिए नुकसान पहुंचा सकता है। NIIMS मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. रणजीत सिंह ने पेन किलर से किडनी पर पड़ने वाले बुरे असर के बारे में विस्तार से जानकारी दी है।

कैसे किडनी पर अटैक करती हैं दर्द की गोलियां?

पैरासिटामोल, इबुप्रोफेन और डाइक्लोफेनाक जैसी दवाएं शरीर का दर्द और सूजन कम करने के लिए बनाई गई हैं। जब इन्हें डॉक्टर की पर्ची के हिसाब से सही मात्रा में लिया जाता है तो ये पूरी तरह सेफ होती हैं। लेकिन समस्या तब शुरू होती है जब लोग हल्का सा दर्द होते ही बार-बार गोलियां खाने लगते हैं। रोज-रोज या लंबे समय तक पेन किलर लेने से किडनी में खून का बहाव कम होने लगता है, जिससे खून साफ करने और टॉक्सिन्स बाहर निकालने की उसकी क्षमता धीरे-धीरे घटने लगती है।

इन लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक है पेन किलर

हर इंसान पर दवा का असर एक जैसा नहीं होता, लेकिन जिन लोगों को पहले से किडनी की बीमारी, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या दिल की समस्या है, उनके लिए पेन किलर का ज्यादा इस्तेमाल बेहद खतरनाक हो सकता है। इसके अलावा बढ़ती उम्र के साथ बुजुर्गों की किडनी की क्षमता वैसे ही कम हो जाती है, इसलिए बुजुर्गों को बिना डॉक्टरी सलाह के दर्द की दवाइयां बिल्कुल नहीं देनी चाहिए।
इग्नोर न करें ये शुरुआती लक्षण
किडनी खराब होने की समस्या अक्सर धीरे-धीरे बढ़ती है और शुरुआत में इसके लक्षण साफ पता नहीं चलते। लेकिन अगर दवाइयां लेने के दौरान बार-बार बहुत ज्यादा थकान लगे, पैरों या चेहरे पर सूजन आने लगे, पेशाब की मात्रा या रंग में अचानक बदलाव हो जाए या भूख लगना कम हो जाए, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।
किडनी को सेफ रखने के आसान टिप्स
किडनी को सेहतमंद रखने के लिए सबसे पहले खुद से डॉक्टर बनना छोड़ें। अगर दर्द बार-बार हो रहा है तो सिर्फ दवा खाने के बजाय दर्द की असली वजह का पता लगाएं। रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं ताकि शरीर की गंदगी पेशाब के जरिए आसानी से बाहर निकल सके। इसके साथ ही बहुत ज्यादा नमक, जंक फूड और प्रोसेस्ड खाने से परहेज करें। हरी सब्जियां, फल और संतुलित आहार अपनाकर आप अपनी किडनी को हमेशा फिट रख सकते हैं।


