
Devendra Nath Mahto: झारखंड के आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने रामगढ़ के नेमरा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने रूपी सोरेन की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार मुख्यमंत्री को धोती भेंट की और उन्हें गले लगाकर दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदना जताई। मुलाकात के दौरान एक भावुक पल तब भी आया, जब मुख्यमंत्री ने खुद देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य के बारे में पूछा और उन्हें अपना ख्याल रखने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों अपनी मां रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म को लेकर पैतृक गांव नेमरा में हैं। यहां लगातार राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम लोग पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड के आंदोलनकारी छात्र नेता और अपने समर्थकों के बीच ‘झारखंड के सोनम वांगचुक’ के नाम से पहचाने जाने वाले देवेंद्र नाथ महतो भी नेमरा पहुंचे।

धोती भेंट की, फिर मुख्यमंत्री को गले लगाकर जताई संवेदना
नेमरा पहुंचने के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार उन्हें धोती भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को गले लगाकर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि एक ही वर्ष में पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन को खोना किसी भी परिवार के लिए बेहद दुखद है। माता-पिता का साया उठ जाना जीवन की सबसे बड़ी पीड़ाओं में से एक है। उन्होंने ईश्वर से दोनों दिवंगत आत्माओं की शांति और सोरेन परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में अपनों की संवेदनाएं ही सबसे बड़ा सहारा बनती हैं। दुख की इस घड़ी में वे मुख्यमंत्री और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
CM हेमंत सोरेन ने देवेंद्र नाथ महतो से पूछा- अब कैसी है तबीयत?
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान लगातार संघर्ष और उससे जुड़ी शारीरिक कमजोरी को ध्यान में रखते हुए उनके इलाज और मौजूदा स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने देवेंद्र नाथ महतो को अपनी सेहत का बेहतर ढंग से ख्याल रखने की सलाह दी। मां के निधन के दुख के बीच मुख्यमंत्री की ओर से स्वास्थ्य का हालचाल पूछे जाने को देवेंद्र नाथ महतो ने आत्मीय मुलाकात के रूप में देखा।
देवेंद्र नाथ महतो ने एक बार फिर दिवंगत रूपी सोरेन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए पूरे सोरेन परिवार के लिए प्रार्थना की।


