
Jamshedpur news: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने परसुडीह ब्लॉक के पीछे अनाज गोदाम के पास सुनियोजित घेराबंदी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में जुटे पांच युवकों को रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने कुल 80 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन 15.76 ग्राम मापा गया है। शुक्रवार को City SP ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शहर के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले इस अवैध धंधे से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार सघन अभियान चला रही है।

अनाज गोदाम के पास से 80 पुड़िया बरामद, पांचों पैडलर्स से अलग-अलग मिला माल
पुलिस को गुरुवार देर रात गोपनीय इनपुट मिला था कि कुछ युवक परसुडीह ब्लॉक के पीछे संदिग्ध रूप से ब्राउन शुगर की डीलिंग में लगे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए फौरन विशेष छापेमारी टीम बनाई गई, जिसने मौके पर दबिश देकर पांचों आरोपियों को घेर लिया। तलाशी के दौरान गदड़ा निवासी गौतम कुमार सिंह के पास से 12 पुड़ियों में 1.68 ग्राम, शिवम कुमार सिंह से 15 पुड़ियों में 3.66 ग्राम, सूरज कुमार तिवारी से 22 पुड़ियों में 4 ग्राम और अमरजीत कुमार सिंह के पास से 17 पुड़ियों में 3.18 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। वहीं छोटा गोविंदपुर निवासी अजय यादव की तलाशी में 14 पुड़ियों में 3.24 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया।

मुख्य सप्लायर मंजीत की तलाश में जुटी पुलिस, सभी आरोपियों को भेजा जेल
पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवकों ने खुलासा किया कि उन्हें यह पूरी खेप परसुडीह के ही मंजीत नामक व्यक्ति ने बेचने के लिए उपलब्ध कराई थी। मामले में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कुमार मुंडा के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मुख्य सप्लायर मंजीत और इस ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस सफल अभियान में DSP सुमीत कुमार और थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा सहित पुलिस के कई अन्य जवान व अधिकारी मुस्तैद रहे।


