
Bokaro: बोकारो में अपराधियों ने दिनदहाड़े 21 लाख 40 हजार रुपये की बड़ी लूट को अंजाम दिया है. माराफारी थाना क्षेत्र के बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने हीटाची कंपनी के कर्मचारी विजय कुमार को रास्ते में रोक लिया. इसके बाद गाली-गलौज और हाथापाई कर उनसे रुपये लूटकर फरार हो गए. विजय कुमार यह रकम नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से निकालकर कुर्मीडीह और बालीडीह में लगे कंपनी के ATM में डालने जा रहे थे. घटना के बाद पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

जानकारी के मुताबिक, हीटाची कंपनी के कर्मचारी विजय कुमार बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर निकले थे. उन्हें यह रकम कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित दो ATM में डालनी थी. इसी दौरान बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया. अपराधियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर हाथापाई करते हुए पूरी रकम छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बाइक से फरार हो गए.

दो दिन बैंक बंद रहने के कारण निकाले थे ज्यादा पैसे
पीड़ित कर्मचारी विजय कुमार ने बताया कि आमतौर पर वे ATM में डालने के लिए कम रकम लेकर जाते हैं, लेकिन दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण इस बार ज्यादा पैसे निकालने पड़े थे.
उन्होंने बताया कि एक्सिस बैंक से निकाले गए 21 लाख 40 हजार रुपये कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित ATM में डालने थे. इसी बीच अपराधियों ने रास्ते में रोककर रुपये लूट लिए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अपराधियों को इतनी बड़ी रकम ले जाए जाने की जानकारी पहले से थी या उन्होंने रास्ते में ही कर्मचारी को निशाना बनाया.
इतनी बड़ी रकम बिना सुरक्षा के कैसे ले जा रहे थे? पुलिस करेगी जांच
बोकारो मुख्यालय DSP पवन कुमार ने बताया कि लूट की घटना के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है. घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जा रही है, ताकि बाइक सवार दोनों अपराधियों की पहचान की जा सके. DSP ने यह भी कहा कि इतनी बड़ी रकम को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के बिना कैसे ले जाया जा रहा था, इसकी भी जांच की जाएगी.


