
Bokaro News: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्नल मार्केट में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां साढ़े तीन साल के एक मासूम बच्चे साहिल राम की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मासूम बच्चे ने अपने नन्हे हाथों में पकड़ी बंदूक को महज एक खिलौना समझा था। खेल खेल में अचानक बंदूक का ट्रिगर दब गया और निकली गोली ने पल भर में हंसते खेलते बच्चे की सांसें हमेशा के लिए छीन लीं। इस खौफनाक हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में मातम और सन्नाटा पसर गया है।

मामा ने ही खेलने के लिए थमाया था हथियार
घटना को लेकर जो जानकारी सामने आई है, वह और भी चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि मृतक मासूम साहिल को उसके सगे मामा ने ही वह बंदूक खेलने के लिए दी थी। घर के किसी भी सदस्य को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि बच्चे के हाथ में जो चीज दी गई है, वह कोई प्लास्टिक का खिलौना नहीं बल्कि जान लेने वाला असली हथियार है। अपनों की इस भारी लापरवाही और नासमझी की वजह से एक हंसता खेलता परिवार उजड़ गया और घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।

हथियार जब्त कर आरोपी मामा को तलाश रही पुलिस
गोली चलने की आवाज और परिजनों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। घटना की खबर मिलते ही माराफारी थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से खून से सने उस हथियार को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के बाद से ही आरोपी मामा फरार बताया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर उसके पास यह अवैध हथियार कहां से आया और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


