
Ranchi: राजधानी रांची में दुर्गा पूजा पंडाल के पीछे एक जनरल स्टोर से अवैध तरीके से शराब बेचे जाने का मामला सामने आया है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के हेसल स्थित नायक चौक में पुलिस ने अक्षय जनरल स्टोर पर छापेमारी कर बीयर और विदेशी शराब की कुल 52 बोतलें और कैन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दुकान के आसपास शराब खरीदने वालों और अड्डेबाजी करने वाले लोगों की भीड़ जुटने की सूचना मिली थी। पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही वहां खड़े लोग भागने लगे। इसके बाद दुकान की तलाशी ली गई, जहां से शराब बरामद हुई। पुलिस ने दुकान संचालक अक्षय अनिल (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह कार्रवाई शुक्रवार, 16 अक्टूबर की शाम की गई। रांची SSP के निर्देश पर सुखदेवनगर थाना पुलिस अवैध शराब की बिक्री, जुआ अड्डों और अड्डेबाजी वाले संभावित ठिकानों पर छापेमारी के लिए निकली थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हेसल के नायक चौक स्थित दुर्गा पूजा समिति के पंडाल के पीछे अवैध विदेशी शराब बेची जा रही है। सूचना में यह भी बताया गया कि शराब की बिक्री के कारण पंडाल के आसपास असामाजिक तत्वों की भीड़ लग रही है।

पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने लगे लोग
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक सचिन कुमार मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक बिहारी महतो और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस टीम जब देवी मंडप नायक चौक स्थित अक्षय जनरल स्टोर के पास पहुंची, तो वहां बड़ी संख्या में लोग जमा थे। पुलिस की गाड़ी अपनी ओर आते देखकर लोग भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने जनरल स्टोर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान से अलग-अलग कंपनियों की बीयर और विदेशी शराब की कुल 52 बोतलें और कैन बरामद किए गए। पुलिस ने दुकान संचालक से शराब की बिक्री से जुड़े वैध कागजात मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस के अनुसार, वह शराब के संबंध में संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया।
31 कैन बीयर समेत 52 बोतलें और कैन जब्त
पुलिस ने दुकान से गॉड फादर कंपनी की 24 कैन बीयर, टुबॉर्ग की 7 कैन बीयर और अल्ट्रामेक्स की 10 कैन बीयर बरामद की। इसके अलावा I-CONIQ कंपनी की 180 ML की 8 बोतलें और B.P. कंपनी की 375 ML की 3 बोतलें मिलीं।
इस तरह कुल 41 कैन बीयर और 11 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने सभी को जब्त कर सील कर दिया।
गिरफ्तार दुकान संचालक की पहचान अक्षय अनिल (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के देवी मंडप नायक चौक का रहने वाला है। उसके पिता का नाम रामप्रवेश चौधरी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसका पहले से कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
दुकानदार को भेजा जेल, पुलिस कर रही आगे की जांच
इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 342/2026, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274, 275 और 292 के साथ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(A) में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी अक्षय अनिल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
छापेमारी में सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक सचिन कुमार मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक बिहारी महतो, आरक्षी मुन्ना लाल गुप्ता, चालक आरक्षी अनिल राम और अन्य सशस्त्र जवान शामिल थे।


