
दिल्ली की एक अदालत ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को शनिवार को सशर्त जमानत दे दी है। विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में पेशी के दौरान दीपके से भविष्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने से संबंधित बॉण्ड पर हस्ताक्षर करवाए गए, जिसके बाद उन्हें रिहा किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि शांति बॉण्ड में दिए गए आश्वासन और औपचारिकताओं के आधार पर ही उनकी रिहाई संभव हो सकी है।

प्रदर्शन में शामिल होने जाते वक्त हुए थे अरेस्ट
अभिजीत दीपके को शुक्रवार को उस वक्त हिरासत में ले लिया गया था जब वे कनॉट प्लेस में आयोजित CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए अपने झंडेवालान स्थित आवास से बाहर निकल रहे थे। पुलिस ने उन पर 10 अक्टूबर को दाखिल किए गए शांति बॉण्ड की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। इससे पहले 10 अक्टूबर को हवाई अड्डे से हिरासत में लिए जाने के दौरान भी उनके खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज कर एक साल तक शांति बनाए रखने के मुचलके पर हस्ताक्षर कराए गए थे।

आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा की रिहाई, सरकार पर बोला हमला
इधर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद छोड़ दिया गया है। बाहर आते ही नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए पूरी कार्रवाई को असंवैधानिक और गैर-कानूनी करार दिया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग
रिहा होने के बाद नेहा बोरा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को या तो तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए या फिर उन पर महाभियोग चलाकर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए। इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया पर भी फौरन रोक लगाने की मांग की।
कनॉट प्लेस में छावनी जैसा माहौल, सेंट्रल पार्क दो दिन बंद
कनॉट प्लेस में आयोजित तिरंगा मार्च के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई है। सुरक्षा कारणों से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को चारों तरफ से घेरकर आम लोगों के लिए अगले दो दिनों तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान एहतियातन कई लोगों को हिरासत में लिया गया था और समूचे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं।


