Bokaro: बोकारो के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल के पास 24 अक्टूबर की अहले सुबह करीब 5:15 बजे एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। नशे के लिए पैसे देने से मना करने पर 65 वर्षीय बुजुर्ग भरत सिंह पर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी जान ले ली गई। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा ने पहले बुजुर्ग से नशा करने के लिए रुपयों की मांग की थी। जब भरत सिंह ने साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी जबरन उनके पॉकेट से मोबाइल छीनने लगा। बुजुर्ग द्वारा इसका विरोध जताए जाने पर आरोपी ने पास में पड़ा भारी पत्थर उठाकर उनके सिर पर दे मारा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

DSP की त्वरित कार्रवाई
सुबह-सवेरे हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर DSP राजीव रंजन की अगुवाई में एक स्पेशल पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास से तकनीकी इनपुट्स जुटाए और मुखबिरों को एक्टिव किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने पुख्ता लोकेशन ट्रेस कर प्राथमिक नामजद आरोपी पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को सेक्टर-9, स्ट्रीट-36 स्थित वैशाली मोड़ के पास से घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी सेक्टर-9 के स्ट्रीट-4 और 5 के बीच बनी झोपड़ियों के पास रहता है।

अहम साक्ष्य बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर, आरोपी का खून से सना शर्ट, उसका कंबल, मृतक का छीना गया मोबाइल और टूटा हुआ चश्मा बरामद कर लिया है। इन सभी सामानों को फॉरेंसिक और केस डायरी के लिए अहम सबूत माना गया है। हरला थाने में आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 109/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या की FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


