
Giridih : गिरिडीह जिले के बिशुनपुर खोरीमहुआ,धनवार मुख्य सड़क पर भीषण सड़क हादसे के बाद स्थिति गंभीर व तनावपूर्ण हो गई है। तेज रफ्तार कार ने पहले एक टेंपो में जोरदार टक्कर मारी और फिर भागने के प्रयास में कई बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

मुआवजे की मांग पर अड़े आक्रोशित लोग, सड़क जाम से यातायात ठप


भीषण हादसे से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने बिशुनपुर-धनवार मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। उग्र लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने लोग, कार में आग लगाने का प्रयास

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराकर जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस के समझाने-बुझाने के बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। इस दौरान गुस्से में आए लोगों ने दुर्घटना में शामिल कार को आग के हवाले करने का भी प्रयास किया, जिसे पुलिस व प्रबुद्ध लोगों की सतर्कता से टाला गया। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटी हुई है।


