
सहरसा: कोलकाता में हुई दुखद घटना को लेकर सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। विधायक ने भरोसा जताया कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलेगी।

उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई पर जताया भरोसा
विधायक संजय कुमार सिंह ने कहा कि कोलकाता में हुई घटना ने सभी को दुखी किया है। ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है, जिसका नेतृत्व हाईकोर्ट के जज कर रहे हैं। इस मामले में कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं। विधायक ने उम्मीद जताई कि जांच पूरी होने के बाद घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पप्पू यादव के बयान पर भी साधा निशाना
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय कुमार सिंह ने कहा कि मीडिया में बने रहने के लिए अनर्गल बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव एक जिम्मेदार व्यक्ति हैं और उन्हें कोई भी बयान देने से पहले उसके प्रभाव और परिणामों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
विधायक ने कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को सोच-समझकर अपनी बात रखनी चाहिए, ताकि उनके बयानों से समाज में गलत संदेश न जाए।
(इंद्रदेव की रिपोर्ट)


