
Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो से गुजरने वाली NH-33 के निर्माण और उस पर बन रहे लगभग 8 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर (उपरि पथ) के काम में एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों और संवेदक की घोर लापरवाही सामने आ रही है। बरसात के बाद सड़क पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे और दरारें बन गई हैं, जिससे वाहनों का परिचालन और पैदल चलना दूभर हो गया है। स्थिति यह है कि पारडीह से बालिगुमा-भिलाई पहाड़ तक सड़क पर धूल की भारी आंधी उड़ रही है। रविवार को पूर्व मंत्री व विधायक सरयू राय ने वार्ड पार्षद राजेश सिंह और दर्जनों स्थानीय लोगों के साथ बालिगुमा तक सड़क का निरीक्षण किया और बदहाल स्थिति का जायजा लिया।

NHAI अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप, एक दिन काम कराकर बंद करने का दावा

सरयू राय ने बताया कि सड़क की खराब हालत के विरोध में गत 1 अक्टूबर को वार्ड पार्षद राजेश सिंह ने समर्थकों के साथ धरना दिया था, जिसके बाद उनके हस्तक्षेप पर NHAI अधिकारियों से वार्ता हुई थी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि 3 अक्टूबर से सड़क निर्माण कार्य शुरू होगा और धूल रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव किया जाएगा। हालांकि, NHAI ने केवल 3 अक्टूबर को एक दिन काम किया और 4 अक्टूबर से काम फिर ठप कर दिया। वर्तमान में न तो सड़क की मरम्मत हो रही है और न ही पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
दशहरा के बाद होगी सीधी कार्रवाई, नितिन गडकरी तक पहुंचेगा मामला
सरयू राय ने चेतावनी दी है कि NHAI के अधिकारी और संवेदक जनता के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों के साथ वादाखिलाफी कर रहे हैं। यदि दशहरा के बाद भी सड़क निर्माण और पानी का छिड़काव तुरंत शुरू नहीं किया गया, तो जनता के साथ मिलकर NHAI अधिकारियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई व उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही इस पूरे मामले की शिकायत केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से की जाएगी।


