
Ranchi: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत अलबर्ट कंपाउंड स्थित नलिनी पैलेस अपार्टमेंट में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक अज्ञात महिला मौका पाकर अपार्टमेंट के फ्लैट में दाखिल हुई और चार स्मार्टफोन, 3,000 रुपये नकद तथा लेडीज बैग में रखे अन्य जरूरी सामान लेकर फरार हो गई। घटना के संबंध में थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।

फ्लैट नंबर 4E में संतोष पाठक के घर हुई वारदात
अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 4ई में रहने वाले पीड़ित संतोष पाठक ने बताया कि महिला अपार्टमेंट के भीतर दाखिल हुई और जैसे ही उसे मौका मिला, उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। लेडीज बैग में नकद रुपये के साथ कई आवश्यक दस्तावेज भी रखे हुए थे।

CCTV कैमरों में कैद हुई संदिग्ध महिला, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद सोसाइटी परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध महिला की गतिविधियां और तस्वीर स्पष्ट तौर पर कैद नजर आई। सोसाइटी प्रबंधन की ओर से पुलिस को CCTV फुटेज और महिला की तस्वीर सौंप दी गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुट गई है।


