Jharkhand Weather: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 25 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय धुंध या कुहासा छाया रहेगा, जिसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे में चाईबासा 33.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि लातेहार और गुमला में न्यूनतम तापमान सबसे कम 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

27 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में गरज के साथ बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अक्टूबर को सुबह धुंध के बाद आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं। वहीं, 27 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसावां में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

राजधानी रांची में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रांची में 21 से 26 अक्टूबर तक सुबह धुंध या कुहासा छाने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 27 अक्टूबर को रांची में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि मौसम शुष्क ही रहेगा। मौसम केंद्र ने 21 से 27 अक्टूबर के दौरान राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।


