Puri Badampahar Express: झारखंड के कोल्हान प्रमंडल और ओडिशा के बीच रेल सफर का दायरा बढ़ाने के उद्देश्य से पुरी और बादामपहाड़ के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन (ट्रेन संख्या 18411/18412) चलाने की मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने 19 अक्टूबर को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। योजना के अनुसार, यह ट्रेन आधुनिक LHB कोच के साथ रोजाना संचालित की जाएगी।

जमशेदपुर और मयूरभंज क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
इस नई ट्रेन सेवा की शुरुआत से सबसे अधिक फायदा जमशेदपुर और आसपास के रेल यात्रियों को होगा। तीर्थनगरी पुरी जाने के लिए यात्रियों को एक और अतिरिक्त रेल विकल्प उपलब्ध होगा। इसके अलावा, ओडिशा के मयूरभंज और बादामपहाड़ क्षेत्र का रेल नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा, जिससे दोनों राज्यों के बीच यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम हो जाएगी।

तैयारियों में जुटे रेलवे जोन, उद्घाटन के लिए विशेष ट्रेन का विकल्प
आदेश जारी होने के बाद अब संबंधित रेलवे जोनों को परिचालन संबंधी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, ट्रेन सेवा किस तारीख से शुरू होगी, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। रेलवे बोर्ड के अनुसार, उद्घाटन के अवसर पर आवश्यकतानुसार विशेष ट्रेन चलाने का विकल्प भी रखा गया है।


