Bokaro News: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में हुए अमित शर्मा हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। डोमपाड़ा के नीचे खाली मैदान से युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP के निर्देश पर तुरंत SIT का गठन किया गया। विशेष जांच टीम ने तकनीकी इनपुट्स और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी भूरा उर्फ सूरज कुमार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

नशे के लिए विवाद
पुलिस की पूछताछ में हत्याकांड के पीछे की हैरान करने वाली वजह सामने आई है। आरोपी भूरा ने अमित शर्मा से नशा करने के लिए रुपयों की मांग की थी। जब अमित ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अमित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के बयान और स्थानीय पूछताछ ने भी इस पूरे विवाद की पुष्टि की है।

अहम सबूतों से गिरफ्तारी
इस मामले को सुलझाने में डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद काफी कारगर साबित हुई। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक चप्पल, गमछा और ‘हर-हर महादेव’ लिखी गंजी बरामद हुई थी, जो जांच में सबसे अहम सुराग साबित हुए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी भूरा का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई अन्य मामलों में संलिप्त रह चुका है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को जेल भेजने की तैयारी कर ली है।


