Ranchi: नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और उत्सव के बाद बुधवार को रांची के डोरंडा में श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माता को विदाई दी। छप्पन सेट, कुसाई कॉलोनी, भवानीपुर, एजी कॉलोनी और मेकान समेत डोरंडा के विभिन्न पूजा पंडालों की प्रतिमाओं का 21 अक्टूबर को बटन तालाब में विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस दौरान मां दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच सैकड़ों महिलाएं, बच्चियां, बुजुर्ग और युवा विसर्जन शोभायात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने माता से सुख-शांति और खुशहाली की कामना करते हुए अगले साल फिर आने की प्रार्थना की।

रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में डोरंडा के छप्पन सेट मंदिर परिसर से विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालु माता की प्रतिमा लेकर निकले। शोभायात्रा छप्पन सेट से गोरखा चौक और राजेंद्र चौक होते हुए बटन तालाब पहुंची, जहां मां दुर्गा की आरती के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

सिंदूर खेला के बाद निकली विसर्जन यात्रा

विसर्जन से पहले छप्पन सेट मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर और अबीर लगाकर उत्सव की खुशियां बांटीं। इस दौरान आलोक कुमार दूबे ने महिलाओं को मां की चुनरी भेंट की।
इसके बाद भक्ति गीतों और जयकारों के बीच विसर्जन शोभायात्रा निकली। महिलाएं और पुरुष माता के भजनों पर नाचते-गाते बटन तालाब पहुंचे। यहां परंपरा के अनुसार मां दुर्गा की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं ने भावुक होकर माता को विदाई दी।
डोरंडा के विभिन्न इलाकों से पहुंची प्रतिमाओं का भी बटन तालाब में विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से शहर और राज्य में अमन, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
हेमंत सोरेन और प्रशासन को दिया धन्यवाद
रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, सुरक्षा बलों और सभी पूजा समितियों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सहयोग और पूजा समितियों को मिला मार्गदर्शन आयोजन के दौरान महत्वपूर्ण रहा। साथ ही विभिन्न धर्मों के लोगों, धार्मिक संगठनों, मीडिया और राजधानी के श्रद्धालुओं को भी शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
आलोक दूबे ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का भी पर्व है। सभी के सहयोग से पूजा और विसर्जन का आयोजन संपन्न हुआ।
आयोजन में इन लोगों की रही भागीदारी
विसर्जन शोभायात्रा और पूजा आयोजन में समिति के अध्यक्ष गौतम दूबे गोपी, कपिलदेव सिंह, विजय गुप्ता, सुमित सिंह, मनोज सिंह, महेंद्र प्रसाद, संजीत यादव, जितेंद्र सिंह, राजेश यादव, अमोल कुमार, मनोज तिवारी, अभय सिंह, शशिकांत, मेंहुल दूबे, कमलेश झा, अजय थापा, अश्वनी कुमार, दीपक ठाकुर, सचिन कुमार, हर्ष तिवारी, पिंकू सिन्हा, विवेक सिंह, रोहित कुमार और सुमित मिश्रा का सहयोग रहा।
वहीं महिला श्रद्धालुओं में गुड़िया सिंह, छाया अम्बष्ट, दात्री भारद्वाज, पूनम वर्मा, विनीत श्रीवास्तव, काजल कुमारी, साक्षी कुमारी, प्रिया वर्मा, जया कुमारी, श्रुति कुमारी और मून कुमारी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।


