Ranchi News: दिल्ली में फर्जी दस्तावेजों के सहारे लग्जरी गाड़ियां किराए पर लेकर फरार होने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने रांची में बड़ा एक्शन लिया है। स्थानीय कांके पुलिस के सहयोग से सुहाना सिटी स्थित मुख्य आरोपी समीर अंसारी के ठिकाने पर तड़के छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने मौके से दो चोरी की थार और चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। हालांकि, पुलिस के आने की भनक लगते ही मुख्य सरगना समीर अंसारी चकमा देकर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फर्जी आईडी और नंबर प्लेट बदलकर खेल
जांच अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह पिछले आठ महीनों से सक्रिय था। गैंग के सदस्य ट्रैवल एजेंसियों में फर्जी पहचान पत्र जमा कर महंगी चारपहिया गाड़ियां रेंट पर लेते थे और फिर उन्हें लेकर चंपत हो जाते थे। इसके बाद गाड़ियों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें दूसरे राज्यों में ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था या कबाड़ में खपा दिया जाता था। इस रैकेट का सिंडिकेट दिल्ली से लेकर झारखंड तक फैला हुआ था।

GPS के जाल में फंसा शातिर गिरोह
गैंग के नेटवर्क को तोड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक सोची-समझी रणनीति बनाई। पुलिस ने जीपीएस ट्रैकर से लैस एक वाहन को ट्रैवल एजेंसी के जरिए गिरोह को किराए पर दिलवाया। हमेशा की तरह गिरोह के सदस्य उस गाड़ी को भी लेकर फरार हो गए और सीधे रांची के कांके में समीर अंसारी के घर पहुंचा दिया। जीपीएस लोकेशन लगातार एक्टिव रहने के कारण दिल्ली पुलिस को सटीक ठिकाने की लोकेशन मिल गई, जिसके बाद टीम ने फौरन रांची का रुख किया।
सुबह पांच बजे रेड, धान के खेत से भागा सरगना
कांके पुलिस के साथ मिलकर दिल्ली पुलिस की टीम ने देर रात करीब तीन बजे ही समीर अंसारी के घर की घेराबंदी कर ली थी। सुबह पांच बजे जब पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, तो काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान मुख्य आरोपी पिछले दरवाजे से निकलकर धान के खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने काफी दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर वह हाथ नहीं आया।
परिवार के सदस्य हिरासत में, नेटवर्क की जांच जारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद समीर के बड़े भाई इरफान अंसारी, छोटे भाई शम्मी अंसारी, अमन अंसारी और इरफान की पत्नी को हिरासत में ले लिया है। सभी को कांके थाने लाकर गिरोह के बाकी संपर्कों और अन्य चोरी की गाड़ियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


