Chatra : चतरा जिले के सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग पर स्थित शिवपुर के पास गुरुवार को परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ा। जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) दिलीप कुमार के नेतृत्व में अचानक शुरू की गई इस जांच से पूरे मार्ग पर वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों के बीच हड़कंप मच गया। सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के मकसद से चलाई गई इस मुहिम के दौरान दर्जनों गाड़ियों को रोककर उनके कागजात और क्षमता की जांच की गई।

12 गाड़ियों पर शिकंजा, वसूला ₹68,650 जुर्माना


अभियान के दौरान नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की गई। इन गाड़ियों पर ओवरलोडिंग, नो पार्किंग जोन में गाड़ी पार्क करने और वाहनों में अनधिकृत बदलाव (मॉडिफिकेशन) कराने के आरोप में कुल 68,650 रुपये का जुर्माना ठोका गया। मौके पर मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) नीरज कुमार और रोड सेफ्टी कर्मी संतोष कुमार सहित विभाग की पूरी टीम मौजूद रही, जिसने एक-एक गाड़ी की बारीकी से जांच की।
ओवरलोडिंग और अवैध पार्किंग पर डीटीओ का कड़ा रुख
कार्रवाई को लेकर डीटीओ दिलीप कुमार ने स्पष्ट किया कि ओवरलोड गाड़ियां न सिर्फ भीषण सड़क हादसों का सबब बनती हैं, बल्कि सड़कों और पुल-पुलियों को भी समय से पहले जर्जर कर देती हैं। इसके साथ ही मनमाने ढंग से नो पार्किंग जोन में गाड़ियां खड़ी करने से सड़क पर जाम लगता है, जिसका खामियाजा आम राहगीरों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि गाड़ियों में क्षमता से अधिक माल लोड करना या अवैध रूप से बदलाव करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगे भी लगातार जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने सभी ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों को साफ हिदायत दी है कि वे नियमों के दायरे में रहकर ही गाड़ियों का संचालन करें और तय सीमा से ज्यादा लोड न उठाएं। डीटीओ ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि सुगम यातायात और हादसों पर लगाम लगाने के लिए जिले के सभी प्रमुख मार्गों पर आगे भी लगातार इस तरह के औचक जांच अभियान जारी रहेंगे।


