Koderma: कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत पश्चिम मोहल्ला प्रेम नगर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खेत के पास शौच करने के मामूली विवाद में 73 वर्षीय बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर जान ले ली गई। मृतक की पहचान मदन सिंह के रूप में हुई है। घटना 5 अक्टूबर की है, जब बुजुर्ग अपने घर के पास कृष्णा सिंह के खेत के निकट शौच के लिए गए थे। इसी बात से भड़ककर खेत मालिक कृष्णा सिंह ने उन पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब बुजुर्ग का पोता बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उसे भी डरा-धमका कर वहां से भगा दिया। घटना के वक्त बुजुर्ग के दोनों बेटे घर पर नहीं थे और रोजी-रोटी के लिए चेन्नई में मजदूरी कर रहे थे।

इलाज के दौरान मौत
हमले में बुरी तरह जख्मी हुए बुजुर्ग को आनन-फानन में पहले स्थानीय क्लिनिक में भर्ती कराया गया। इसके बाद हालत बिगड़ने पर 7 अक्टूबर को उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत रांची रेफर कर दिया। रांची के अस्पताल में करीब 9 दिनों तक उनका सघन इलाज चला, लेकिन उनकी सेहत में कोई खास सुधार नहीं हुआ। आखिरकार जिंदगी और मौत के बीच 17 दिनों के संघर्ष के बाद 22 अक्टूबर को कोडरमा सदर अस्पताल में बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

आरोपी हुआ गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम साह ने तुरंत टीम के साथ दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी कृष्णा सिंह को जामु पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा दी है। दूसरी तरफ पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के साथ-साथ प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है।


