Ranchi: रांची के न्यू पुंदाग निवासी रोहन राज पर दुर्गा पूजा के दौरान धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी के पास जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित ने धुर्वा थाना में सेल सिटी (हनुमान नगर) निवासी पियूष पांडेय और उसके दो साथियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, 20 अक्तूबर को जब वह अपनी कार से निकला था, तब आरोपियों ने पीछा कर उसकी कार रुकवाई और बाहर आने को कहा। इनकार करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से कार में तोड़फोड़ की और जब वह जान बचाकर भागने लगा, तो पीछे से फायरिंग कर दी।

पुराने विवाद को लेकर दिया घटना को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
आरोप है कि इस वारदात से पहले रोहन की पियूष और उसके साथियों के साथ कहासुनी हुई थी, जिसमें उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिए जाने की बात कही जा रही है। धुर्वा थाना पुलिस पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


