Pakur: अमड़ापाड़ा प्रखंड के गौरपाड़ा गांव में हाईटेंशन बिजली का तार एक हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बन गया। 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से 50 वर्षीय कमली पहाड़िन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अंधे पति और परदेस में बेटे
मृतका की पहचान गौरपाड़ा गांव के रहने वाले हड़िया पहाड़िया की पत्नी कमली पहाड़िन के रूप में हुई है। मृतका के पति हड़िया पहाड़िया आंखों से देख नहीं सकते। परिवार की माली हालत पहले से ही बेहद खराब थी, जिसके चलते दोनों बेटे कालू पहाड़िया और जामा पहाड़िया रोजी-रोटी कमाने के लिए हजारों किलोमीटर दूर केरल में मजदूरी करने गए हुए हैं। घर पर दृष्टिबाधित पति की देखभाल और पूरे घर की जिम्मेदारी कमली ही संभाल रही थीं।

जिंदगी की डोर टूटी
कमली की अचानक हुई मौत ने इस गरीब परिवार को पूरी तरह बेसहारा कर दिया है। दृष्टिबाधित पति के सामने अब दो वक्त की रोटी और रोजमर्रा की जिंदगी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घर में कोई सहारा न होने और दोनों बेटों के दूर परदेस में होने की वजह से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का हर शख्स इस त्रासदी से स्तब्ध है। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की।


