Koderma news: कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दो दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता 30 वर्षीय महिला का शव रविवार की सुबह एक कुएं से बरामद किया गया। मृतका की पहचान धुमाडीह गांव निवासी गुड़िया देवी के रूप में की गई है। महिला का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

बच्चों को खाना खिलाकर निकली थी, फिर नहीं लौटी


परिजनों के अनुसार गुड़िया देवी 23 अक्टूबर की शाम अपने छोटे बच्चों को खाना खिलाने के बाद घर से शौच के लिए निकली थी। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने नवलशाही थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शनिवार को भी परिजनों ने मसमोहना के खेलडुआ आहार स्थित कुएं के आसपास तलाश की थी, लेकिन उस वक्त कुछ नजर नहीं आया था।
रविवार सुबह कुएं में तैरता दिखा शव

रविवार की सुबह जब ग्रामीण खेलडुआ आहार की तरफ गए तो उन्होंने कुएं के पानी में एक शव तैरता देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी मृतका के परिवार और नवलशाही थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को देखते ही उसकी पहचान गुड़िया देवी के रूप में की, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने लगाया अवैध शराब कारोबारियों पर हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है। मृतका के जेठ त्रिलोकी दास ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धुमाडीह और मसमोहना के जंगलों में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब की भट्ठियां और धंधा चलता है। उनका आरोप है कि नशेड़ियों और अवैध शराब कारोबारियों ने ही गुड़िया देवी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंक दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज
सूचना मिलते ही नवलशाही थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस परिजनों के आरोपों सहित सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।


